600 रुपये की मजदूरी को लेकर विवाद, पेचकस से बुजुर्ग दंपती समेत तीन की हत्या; प्लंबर गिरफ्तार

Share This Article:

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में हुए ट्रिपल मर्डर का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक हत्या का आरोपी राजकुमार प्लंबर है और पिछले करीब दो साल से बुजुर्ग दंपती के घर पर प्लंबिंग का काम कर रहा था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 600 रुपये की मजदूरी को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने पेचकस से बुजुर्ग दंपती और बीच-बचाव करने पहुंची महिला पर हमला कर दिया।

मृतकों की पहचान 80 वर्षीय रमेश कपूर, 75 वर्षीय रजनी कपूर और 48 वर्षीय तिलया देवी उर्फ शीला के रूप में हुई है। तिलया देवी पड़ोस के घर में घरेलू काम करती थीं।

300 रुपये देने पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार मंगलवार को बुजुर्ग दंपती ने राजकुमार को प्लंबिंग का काम करने के लिए अपने घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद आरोपी ने 600 रुपये मजदूरी मांगी। आरोप है कि दंपती उसे 300 रुपये देने की बात कह रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि विवाद के दौरान दंपती ने उसे गालियां दीं, जिससे वह गुस्से में आ गया। इसके बाद उसने अपने पास रखे पेचकस से दोनों पर हमला कर दिया।

बीच-बचाव करने पहुंची महिला पर भी हमला

बुजुर्ग दंपती की आवाज सुनकर पड़ोस के घर में काम करने वाली तिलया देवी मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी ने उन पर भी पेचकस से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर तीनों घायल अवस्था में अचेत मिले।

पुलिस ने तीनों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौके से पेचकस और सोने की चेन बरामद

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल पेचकस बरामद किया है। आरोपी के पास से एक सोने की चेन भी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में आरोपी को बुजुर्ग दंपती के घर की ओर अकेले जाते हुए देखा गया है।

बिजनौर का रहने वाला है आरोपी

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राजकुमार मूल रूप से बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र के बांदा गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह देहरादून के इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक के पास रह रहा था। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Tags :

ekamvani2023@gmail.com

ekamvani2023@gmail.com http://ekamvani.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Subscribe To Our Newsletter

No spam, notifications only about new products, updates.

[contact-form-7 id="b565394" title="Untitled"]

Categories

About Us

हम एकमवाणी में देश-विदेश और राज्य की सभी बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों को जिम्मेदारी  से 2018 से पाठको की विस्वसनीयता से प्रसारित कर रहे है .