त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 83 खाद्य पदार्थों की जांच में 15 फेल

Share This Article:

मावा और बर्फी के तीन नमूने जांच के लिए भेजे, संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी

देहरादून। त्योहारों के सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने देहरादून में जांच अभियान तेज कर दिया है। रविवार को रायपुर चौक और महाराणा प्रताप चौक समेत विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य सचल विश्लेषणशाला की मदद से कुल 83 खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई, जिनमें से 15 निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी कर नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने मिठाइयों समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता परखी। जांच में कमियां मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अभियान के दौरान तीन मिठाई की दुकानों से संदेह के आधार पर विधिक नमूने भी एकत्र किए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह के नेतृत्व में गोपाल स्वीट्स से मावा, न्यू लकी स्वीट्स से मावा बर्फी और कृष्णा स्वीट्स शॉप से प्लेन बर्फी का नमूना लिया गया। तीनों नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने को देखते हुए विभाग विशेष निगरानी कर रहा है। सभी मिठाई विक्रेताओं को खुली मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे उपभोक्ताओं को मिठाइयों की ताजगी और इस्तेमाल की अवधि की जानकारी मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि मिठाई और बेकरी संचालकों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के साथ ही खाद्य सामग्री के उचित भंडारण और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। नियमों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम में उपायुक्त खाद्य सचल विश्लेषणशाला वीरेंद्र बिष्ट, सहायक आयुक्त मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह, ऋषिकेश के वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह और खाद्य विश्लेषक जितेंद्र भंडारी सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण एवं नमूना जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Tags :

ekamvani2023@gmail.com

ekamvani2023@gmail.com http://ekamvani.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Subscribe To Our Newsletter

No spam, notifications only about new products, updates.

[contact-form-7 id="b565394" title="Untitled"]

Categories

About Us

हम एकमवाणी में देश-विदेश और राज्य की सभी बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों को जिम्मेदारी  से 2018 से पाठको की विस्वसनीयता से प्रसारित कर रहे है .