उत्तराखंड में BJP का ‘विक्ट्री प्लान’ तैयार, नितिन नबीन बोले- बूथ जीतो, चुनाव जीतो

Share This Article:

प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी का मंत्र; 19 जिले, 304 मंडल और 12,543 बूथों को बनाया जाएगा जीत का आधार

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान हल्द्वानी में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को चुनावी तैयारियों में जुटने का संदेश दिया। उन्होंने संगठन की मजबूती को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

नितिन नबीन ने कहा कि वर्ष 2027 में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं और विपक्ष राष्ट्रीय स्तर पर माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने राहुल गांधी के बयानों पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘झूठ की गूंज’ बताया। नबीन ने दावा किया कि देश का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है और वह मानता है कि मोदी देश को सही दिशा में आगे ले जा रहे हैं।

19 जिले और 12,543 बूथ होंगे चुनावी ताकत

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उत्तराखंड के संगठनात्मक ढांचे को पार्टी की बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में 19 जिले, 304 मंडल, 2,835 शक्ति केंद्र और 12,543 बूथ भाजपा के चुनावी अभियान का आधार बनेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन सभी स्तरों पर संगठन को और मजबूत करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत करने और वहां पार्टी को जीत दिलाने के लिए काम करे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’ के मंत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने बूथ स्तर पर लगातार सक्रिय रहने पर जोर दिया।

छोटी बैठकों और जनसंपर्क पर जोर

नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए छोटी-छोटी बैठकें आयोजित करने तथा लगातार प्रवास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन मजबूत होने के बावजूद कार्यकर्ता यह सोचकर नहीं बैठ सकते कि चुनाव अपने आप जीत जाएंगे। हर दिन सक्रियता के साथ जनता के बीच काम करना होगा।

धामी सरकार की योजनाओं की तारीफ

भाजपा अध्यक्ष ने उत्तराखंड सरकार के कामकाज और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जिस तरह उत्तराखंड में क्रियान्वयन हो रहा है, उसका सकारात्मक फीडबैक संगठन के साथ प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंच रहा है।

उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) समेत राज्य सरकार की विभिन्न पहलों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि जनता को सरकार की नीतियों का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और संगठन की गतिविधियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

तीसरी बार सरकार बनाने का दावा

नितिन नबीन ने उत्तराखंड में भाजपा की राजनीतिक स्थिति को लेकर भी भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से विकास के मुद्दे पर भाजपा को प्रदेश की जनता का लगातार समर्थन मिला है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में भी मजबूत स्थिति में है और राज्य में तीसरी बार सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में नितिन नबीन का संबोधन मुख्य रूप से संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन, सरकार की उपलब्धियों के प्रचार और आगामी चुनाव की रणनीति पर केंद्रित रहा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के उत्तराखंड दौरे के बाद प्रदेश में तेज हुई राजनीतिक गतिविधियों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Tags :

ekamvani2023@gmail.com

ekamvani2023@gmail.com http://ekamvani.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Subscribe To Our Newsletter

No spam, notifications only about new products, updates.

[contact-form-7 id="b565394" title="Untitled"]

Categories

About Us

हम एकमवाणी में देश-विदेश और राज्य की सभी बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों को जिम्मेदारी  से 2018 से पाठको की विस्वसनीयता से प्रसारित कर रहे है .