दून अस्पताल की इमरजेंसी में चापड़ लेकर घुसा युवक, दो पक्षों में मारपीट से मची अफरातफरी

Share This Article:

पुलिस चौकी के बावजूद अस्पताल परिसर में सुरक्षा पर उठे सवाल, मेडिकल स्टाफ और मरीजों की सुरक्षा को लेकर चिंता

देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय की इमरजेंसी में शुक्रवार सुबह दो पक्षों के बीच मारपीट और हंगामे का मामला सामने आया। आरोप है कि एक युवक दूसरे पक्ष के व्यक्ति पर हमला करने के इरादे से चापड़ लेकर इमरजेंसी में घुस गया। इस दौरान अस्पताल में मौजूद मरीजों, तीमारदारों और मेडिकल स्टाफ के बीच अफरातफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक गाली-गलौज करते हुए दिखाई दे रहा है। हालांकि, अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच दून अस्पताल के पास किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इसके बाद एक पक्ष के लोग चोटों का उपचार कराने अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे। कुछ देर बाद दूसरे पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए। देखते ही देखते विवाद ने फिर से मारपीट का रूप ले लिया और इमरजेंसी में हंगामा शुरू हो गया।

प्रत्यक्ष घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी के अनुसार, दूसरे पक्ष के एक युवक के चापड़ लेकर इमरजेंसी में पहुंचने से वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों ने हंगामा कर रहे लोगों को बाहर जाने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि वे उनकी बातों को अनसुना कर गाली-गलौज और विवाद करते रहे। इस दौरान इमरजेंसी में इलाज कराने आए मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस चौकी के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

दून अस्पताल की इमरजेंसी के पास ही पुलिस चौकी मौजूद है। इसके बावजूद विवाद में शामिल लोगों के इमरजेंसी तक पहुंचने और वहां हंगामा होने से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल में हर दिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में इमरजेंसी जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं मरीजों, डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाती हैं।

मेडिकल सुपरिंटेंडेंट ने बताई घटना की वजह

अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि घटना शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे की है। कुछ लोग मारपीट में चोट लगने के बाद उपचार कराने अस्पताल पहुंचे थे। कुछ समय बाद दूसरा पक्ष भी वहां पहुंच गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच इमरजेंसी में दोबारा मारपीट शुरू हो गई।

डॉ. बिष्ट के अनुसार, अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी होने के बावजूद उस समय पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे। इस कारण हंगामा कर रहे लोगों को नियंत्रित करने में परेशानी हुई।

सुरक्षा में चूक की होगी जांच: एसपी सिटी

वहीं, देहरादून के एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि घटना सुबह करीब 4:30 बजे की है। दो मरीजों और उनके तीमारदारों के बीच मारपीट हुई थी। उस समय मौके पर एक पुलिसकर्मी मौजूद था। उन्होंने कहा कि यदि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई है तो उसकी जांच की जाएगी। साथ ही, ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने के उपाय किए जाएंगे।

दून अस्पताल की इमरजेंसी में हुई इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पुलिस चौकी और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद अस्पताल के संवेदनशील हिस्सों में हंगामा करने वालों को रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम हैं या नहीं।

Tags :

ekamvani2023@gmail.com

ekamvani2023@gmail.com http://ekamvani.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Subscribe To Our Newsletter

No spam, notifications only about new products, updates.

[contact-form-7 id="b565394" title="Untitled"]

Categories

About Us

हम एकमवाणी में देश-विदेश और राज्य की सभी बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों को जिम्मेदारी  से 2018 से पाठको की विस्वसनीयता से प्रसारित कर रहे है .