अमिताभ बच्चन के सिनेमाई सफर पर ‘A for Amitabh’ पुस्तक का विमोचन, गीतों से सजी शाम

Share This Article:

नई दिल्ली में डॉ. विनीत चौधरी के संगीतमय कार्यक्रम ने बांधा समां, बिग बी के लोकप्रिय गीतों पर झूमे प्रशंसक

नई दिल्ली। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के पांच दशक से अधिक लंबे फिल्मी सफर, संघर्ष और सफलता की कहानी को समर्पित पुस्तक ‘A for Amitabh’ का रविवार को नई दिल्ली के एलटीजी ऑडिटोरियम में विमोचन किया गया। डॉ. विनीत चौधरी द्वारा लिखित इस पुस्तक के लोकार्पण के अवसर पर अमिताभ बच्चन के सम्मान में विशेष संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे प्रशंसकों ने महानायक के लोकप्रिय गीतों का आनंद लिया।

पुस्तक का विमोचन एफएम रेडियो की लोकप्रिय एंकर सायमा रहमान ने किया। आयोजकों के अनुसार, पुस्तक में अमिताभ बच्चन के लंबे सिनेमाई सफर, उनके संघर्ष और सफलता की यात्रा को समेटने का प्रयास किया गया है। यह पुस्तक उनके प्रशंसकों के लिए एक संग्रहणीय दस्तावेज होने के साथ-साथ फिल्म अध्ययन से जुड़े विद्यार्थियों के लिए भी उपयोगी मानी जा रही है।

‘जलसा’ में भी देखी थी पुस्तक की शुरुआती प्रति

आयोजकों ने बताया कि अमिताभ बच्चन ने जुलाई में मुंबई स्थित अपने आवास ‘जलसा’ में पुस्तक की शुरुआती प्रति देखी थी और उसे सराहा था। उनके मुताबिक, अमिताभ ने पुस्तक के शुरुआती ड्राफ्ट को भी स्वीकृति दी थी। दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम को इसी पुस्तक और महानायक के सिनेमाई योगदान को समर्पित किया गया।

‘स्टेज के बच्चन’ की प्रस्तुति पर झूमे दर्शक

डॉ. विनीत चौधरी पिछले करीब 12 वर्षों से अमिताभ बच्चन के जन्मदिन के अवसर पर दिल्ली में संगीतमय कार्यक्रम आयोजित करते आ रहे हैं। अपनी मंचीय प्रस्तुतियों के चलते उन्हें ‘स्टेज के बच्चन’ के नाम से भी जाना जाता है।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. चौधरी की मंच पर एंट्री होते ही तालियों और सीटियों से सभागार गूंज उठा। दर्शकों ने ‘बच्चन-बच्चन’ के नारों के साथ उनका स्वागत किया। ‘मैं हूं डॉन’ और ‘सारा ज़माना हसीनों का दीवाना’ जैसे लोकप्रिय गीतों के साथ पेश की गई संगीतमय मेडली ने माहौल को उत्साह से भर दिया। दर्शक गीतों की धुन पर झूमते नजर आए।

कार्यक्रम में डॉ. विनीत चौधरी के साथ डॉ. मानवी, मोहित, शालू सिंह, माया, नीरज गोस्वामी, गीतिका और अरविंद शर्मा ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं।

विशिष्ट अतिथियों को किया सम्मानित

समारोह में पूर्व एनएसजी कमांडो दिनेश हुड्डा, एम्स के पूर्व प्रोफेसर डॉ. भल्ला और नोएडा इंडस्ट्री के अध्यक्ष दलजीत सिंह को सम्मानित किया गया।

पुस्तक विमोचन और संगीत प्रस्तुतियों से सजी यह शाम अमिताभ बच्चन के प्रशंसकों के लिए खास रही। कार्यक्रम के माध्यम से उनके शानदार फिल्मी सफर को याद किया गया और भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

Tags :

ekamvani2023@gmail.com

ekamvani2023@gmail.com http://ekamvani.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Subscribe To Our Newsletter

No spam, notifications only about new products, updates.

[contact-form-7 id="b565394" title="Untitled"]

Categories

About Us

हम एकमवाणी में देश-विदेश और राज्य की सभी बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों को जिम्मेदारी  से 2018 से पाठको की विस्वसनीयता से प्रसारित कर रहे है .