केदारताल में लापता आठ पर्वतारोहियों की तलाश तेज, कच्ची ढांग के पास मिले बैग और टेंट

Share This Article:

हेलिकॉप्टर से भोजखड़क और कच्ची ढांग के समीप उतारी गईं बचाव टीमें, पैदल मार्ग से भी जारी सर्च ऑपरेशन; बर्फबारी से अभियान प्रभावित

उत्तरकाशी। केदारताल क्षेत्र में लापता आठ पर्वतारोहियों की तलाश के लिए बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। सोमवार को हेलिकॉप्टर की मदद से एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की आठ सदस्यीय प्रशिक्षित टीम को भोजखड़क और कच्ची ढांग के आसपास उतारा गया। वहीं, पैदल मार्ग से गंगोत्री नेशनल पार्क और स्थानीय ट्रैकिंग एजेंसी की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। कच्ची ढांग के पास पर्वतारोहियों के बैग और टेंट बरामद हुए हैं, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है।

29 अक्टूबर से लापता हैं आठ पर्वतारोही

जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को केदारताल से लौट रहे सात पर्वतारोही और एक गाइड भोजखड़क व कच्ची ढांग के आसपास हिमस्खलन की चपेट में आने के बाद लापता हो गए थे। उनके आगे चल रहे चार पोर्टर 30 अक्टूबर को सुरक्षित गंगोत्री पहुंच गए थे। उन्होंने घटना की जानकारी दी, जिसके बाद 31 अक्टूबर से खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

रविवार को एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने इलाके में तलाश की। हेलिकॉप्टर की मदद से भी लापता लोगों को खोजने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

पोर्टरों की बताई लोकेशन पर पहुंचीं टीमें

सोमवार को हेलिकॉप्टर से निम और एसडीआरएफ की टीमों को पोर्टरों की ओर से बताई गई लोकेशन के पास उतारा गया। इसके साथ ही गंगोत्री नेशनल पार्क और स्थानीय ट्रैकिंग एजेंसी के सदस्य पैदल रास्ते से भी संबंधित क्षेत्र में पहुंचे। तलाशी के दौरान कच्ची ढांग के समीप पर्वतारोहियों के बैग और टेंट मिले। इसके बाद बचाव दल ने आसपास के क्षेत्र में उनकी तलाश पर ध्यान केंद्रित किया।

बर्फबारी से बचाव अभियान में आई बाधा

सोमवार दोपहर बाद क्षेत्र में बर्फबारी शुरू हो गई, जिससे बचाव दल को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। खराब मौसम के कारण अभियान प्रभावित हुआ। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को मौसम की स्थिति को देखते हुए फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।

परिजनों और ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार

लापता स्थानीय गाइड के परिजन और ग्रामीण सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी से मुलाकात कर खोज एवं बचाव अभियान में तेजी लाने की मांग की। परिजन पर्वतारोहियों और गाइड की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।

फिलहाल बचाव टीमें पोर्टरों से मिली जानकारी के आधार पर भोजखड़क और कच्ची ढांग के आसपास तलाश कर रही हैं। पर्वतारोहियों का सामान मिलने के बाद अभियान का फोकस संबंधित इलाके में खोज तेज करने पर है।

Tags :

ekamvani2023@gmail.com

ekamvani2023@gmail.com http://ekamvani.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Subscribe To Our Newsletter

No spam, notifications only about new products, updates.

[contact-form-7 id="b565394" title="Untitled"]

Categories

About Us

हम एकमवाणी में देश-विदेश और राज्य की सभी बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों को जिम्मेदारी  से 2018 से पाठको की विस्वसनीयता से प्रसारित कर रहे है .