ऋषिकेश में होगी बीटल्स पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग, फरवरी 2027 में पहुंचेगी टीम

Share This Article:

ऑस्कर विजेता निर्देशक सैम मेंडेस के निर्देशन में बनेगी चार फिल्मों की श्रृंखला, अप्रैल 2028 में दुनियाभर में रिलीज करने की तैयारी

देहरादून: उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय फिल्म शूटिंग के बड़े केंद्र के रूप में पहचान दिलाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया (बीटल्स आश्रम) में प्रस्तावित है। फरवरी 2027 में होने वाली इस शूटिंग से प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर इस परियोजना के संबंध में चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि ‘क्लोवर’ (CLOVER) नाम से प्रस्तावित फिल्म परियोजना की शूटिंग ऋषिकेश में की जाएगी। इस अंतरराष्ट्रीय परियोजना का निर्देशन ऑस्कर पुरस्कार विजेता प्रसिद्ध ब्रिटिश निर्देशक सर सैम मेंडेस कर रहे हैं।

चार फिल्मों में दिखाई जाएगी बीटल्स की संगीत यात्रा

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से ‘द बीटल्स’ के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं। इस श्रृंखला का नाम ‘द बीटल्स – ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ रखा गया है। इन फिल्मों को अप्रैल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।

ऋषिकेश स्थित बीटल्स आश्रम को इस परियोजना के लिए महत्वपूर्ण शूटिंग स्थल के रूप में चुना गया है। यह स्थान ब्रिटिश संगीत समूह के साथ अपने ऐतिहासिक जुड़ाव के कारण दुनियाभर में प्रसिद्ध है। यहां शूटिंग होने से ऋषिकेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती मिलने की संभावना है।

250 से अधिक क्रू सदस्यों की भागीदारी संभावित

फिल्म की शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और लगभग 150 भारतीय क्रू सदस्यों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा स्थानीय तकनीशियनों और अन्य सहयोगियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। भारत में फिल्म निर्माण से जुड़े कार्यों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ कर रहा है।

फिल्म परियोजना से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। इसके साथ ही होटल, परिवहन, खानपान और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी लाभ मिल सकता है। अंतरराष्ट्रीय फिल्म टीम की मौजूदगी से उत्तराखंड के पर्यटन कारोबार को नई गति मिलने की संभावना जताई जा रही है।

फिल्म निर्माताओं को सुविधाएं दे रही सरकार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत और विविध शूटिंग स्थलों के कारण देश के प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के तहत फिल्म निर्माताओं को अनुकूल वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश की अधिक से अधिक फिल्म परियोजनाएं उत्तराखंड में आएं। इससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने के साथ ही राज्य की अर्थव्यवस्था को भी लाभ पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश की पहचान विश्वभर में योग और आध्यात्मिक नगरी के रूप में है। ‘द बीटल्स’ का भी इस शहर से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। ऐसे में यहां अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग होने से उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इससे प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।

मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित ब्रिटिश फिल्म निर्माता एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल रहीं।

Tags :

ekamvani2023@gmail.com

ekamvani2023@gmail.com http://ekamvani.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Subscribe To Our Newsletter

No spam, notifications only about new products, updates.

[contact-form-7 id="b565394" title="Untitled"]

Categories

About Us

हम एकमवाणी में देश-विदेश और राज्य की सभी बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों को जिम्मेदारी  से 2018 से पाठको की विस्वसनीयता से प्रसारित कर रहे है .