देहरादून में महिला न्यायिक अधिकारी से अभद्रता और अपहरण की कोशिश का आरोप, रैपिडो चालक गिरफ्तार

Share This Article:

किराये को लेकर हुआ विवाद, सुनसान गली में ले जाकर धमकाने का आरोप; जजेज कॉलोनी के बाहर भी किया हंगामा, डालनवाला पुलिस ने पांच धाराओं में दर्ज किया मुकदमा

देहरादून। राजधानी देहरादून में एक महिला न्यायिक अधिकारी ने रैपिडो चालक पर अभद्रता करने, धमकी देने और अपहरण की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, राइड के तय किराये से दोगुनी रकम मांगने पर विरोध करने से नाराज चालक महिला अधिकारी को कथित तौर पर एक सुनसान और अंधेरी गली में ले गया। वहां उसने धमकाया और पुलिस में अपनी अच्छी जान-पहचान होने की धौंस दिखाई। इसके बाद जजेज कॉलोनी के गेट पर भी हंगामा करने और सुरक्षा गार्ड से विवाद करने का आरोप है। महिला अधिकारी की शिकायत पर डालनवाला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित चालक को हिरासत में लिया है।

राइड के किराये को लेकर शुरू हुआ विवाद

एफआईआर के मुताबिक, घटना बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 की शाम की है। महिला न्यायिक अधिकारी अंजली बेंजवाल ने बलबीर रोड स्थित जजेज कॉलोनी के अपने आवास से मालदेवता के पास सौड़ा सरोली जाने के लिए रैपिडो राइड बुक की थी। कैब चालक राइड स्वीकार कर मौके पर पहुंचा और महिला अधिकारी के बैठने के बाद यात्रा शुरू कर दी।

शिकायत के अनुसार, रास्ते में चालक ने दूरी का हवाला देते हुए तय किराये से दोगुनी रकम की मांग की। महिला अधिकारी ने इसका विरोध करते हुए कहा कि वह बुकिंग के समय निर्धारित किराये के अनुसार ही भुगतान करेंगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

सुनसान गली में ले जाकर धमकाने का आरोप

महिला अधिकारी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि किराये को लेकर विवाद के बाद चालक उन्हें निर्धारित रास्ते से हटाकर एक सुनसान और अंधेरी गली में ले गया, जो आगे से बंद थी। स्थिति संदिग्ध लगने पर उन्होंने अपने कोर्ट मोहर्रिर रविंद्र को फोन कर चालक की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।

आरोप है कि इस दौरान चालक ने महिला अधिकारी को धमकाया और पुलिस में अपनी अच्छी जान-पहचान होने की बात कही। भयभीत महिला अधिकारी ने रैपिडो के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई और चालक की ओर से धमकाए जाने की जानकारी दी।

जजेज कॉलोनी के बाहर आधे घंटे तक हंगामा

शिकायत के मुताबिक, गली आगे से बंद होने के कारण चालक वाहन को वापस बाहर ले आया। बाद में वह जजेज कॉलोनी के गेट पर पहुंचा और राइड रद्द कर दी। वहां तैनात सुरक्षा गार्ड ने जब उससे महिला अधिकारी को अंधेरी गली में ले जाने का कारण पूछा तो दोनों के बीच विवाद हो गया।

महिला अधिकारी का आरोप है कि चालक ने गार्ड के साथ भी झगड़ा किया और कॉलोनी के गेट पर करीब आधे घंटे तक हंगामा करता रहा। इस दौरान वह पुलिस में अपनी पहचान होने की बात कहकर धौंस जमाता रहा। हंगामे के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

महिला अधिकारी के कोर्ट मोहर्रिर की ओर से पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद चीता पुलिस मौके पर पहुंची और महिला अधिकारी को थाने ले गई। शिकायत में महिला अधिकारी ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि चालक उनके आवास को देख चुका है, जिससे भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।

डालनवाला थाने में महिला न्यायिक अधिकारी की लिखित शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धाराओं 115(2), 127(2), 308(3), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपित चालक को हिरासत में लिया है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

Tags :

ekamvani2023@gmail.com

ekamvani2023@gmail.com http://ekamvani.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Subscribe To Our Newsletter

No spam, notifications only about new products, updates.

[contact-form-7 id="b565394" title="Untitled"]

Categories

About Us

हम एकमवाणी में देश-विदेश और राज्य की सभी बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों को जिम्मेदारी  से 2018 से पाठको की विस्वसनीयता से प्रसारित कर रहे है .