राज्य स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने सीएम धामी को भेजा संदेश, उत्तराखंड की विकास यात्रा की सराहना

Share This Article:

बोले- ‘21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक’ संकल्प को साकार कर रही सरकार; मुख्यमंत्री ने जताया आभार, कहा- प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से प्रदेश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा

देहरादून। उत्तराखंड के 26वें राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की विकास यात्रा, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, आधारभूत ढांचे के विस्तार और सीमांत क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक’ बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री ने ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के लक्ष्य को भी महत्वपूर्ण बताया।

अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को किया याद

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि 9 नवंबर 2000 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से उत्तराखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। राज्य स्थापना दिवस आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और प्रदेशवासियों के स्वाभिमान को याद करने का अवसर है।

उन्होंने उत्तराखंड को हिमालय की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक विरासत का संगम बताते हुए गंगा-यमुना के उद्गम, चारधाम, पंच केदार, पंच प्रयाग, हेमकुंड साहिब, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने प्रदेश से अपने पुराने जुड़ाव और यहां बिताए समय को भी याद किया।

सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को मिली गति

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में उत्तराखंड में सड़क, रेल और हवाई संपर्क का विस्तार हुआ है। करीब 890 किलोमीटर लंबी चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं। वहीं, 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी काम आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, देहरादून एयरपोर्ट के विस्तार, पिथौरागढ़ एयरपोर्ट और हेलिपैड नेटवर्क के विकास को पर्यटन, व्यापार और उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण बताया।

धार्मिक और सीमांत क्षेत्रों के विकास की सराहना

प्रधानमंत्री ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और बदरीनाथ में करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं में धार्मिक महत्व के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखा जा रहा है।

सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए संचालित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम की सराहना करते हुए उन्होंने माणा, जादुंग, टिम्मरसैंण, नीति और गुंजी जैसे गांवों का जिक्र किया। प्रधानमंत्री के अनुसार, इन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और पर्यटन के नए अवसर बन रहे हैं।

पर्यटन और कुंभ से बढ़ेंगी आर्थिक गतिविधियां

पीएम मोदी ने कहा कि पर्यटन उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। होमस्टे, एडवेंचर टूरिज्म, विंटर टूरिज्म, वेडिंग टूरिज्म और वर्षभर पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों से स्थानीय परिवारों की आय के अवसर बढ़ रहे हैं।

उन्होंने हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के लिए केंद्र सरकार की ओर से 500 करोड़ रुपये की सहायता का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि यह आयोजन देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए विशेष अनुभव बनेगा।

स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तीकरण का जिक्र

प्रधानमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत 98 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचने, नए मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। शिक्षा के क्षेत्र में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर, केंद्रीय विद्यालयों और पीएम श्री स्कूलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने राज्य के पूर्ण साक्षरता लक्ष्य को हासिल करने की सराहना की।

महिला सशक्तीकरण के लिए उज्ज्वला, स्वच्छ भारत, प्रधानमंत्री आवास और लखपति दीदी योजना के योगदान का जिक्र किया। किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि को भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया।

सुशासन और लोक संस्कृति को बताया प्रदेश की पहचान

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करने, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून और भू-कानून में पारदर्शिता जैसे कदमों का उल्लेख किया। राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन और खिलाड़ियों के 100 से अधिक राष्ट्रीय स्तर के पदकों को भी प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताया।

उन्होंने उत्तराखंड की लोक संस्कृति, त्योहारों और पारंपरिक खानपान की सराहना करते हुए नंदा देवी मेला, उत्तरायणी, इगास-बग्वाल, छोलिया नृत्य, फूलदेई, मंडुवे की रोटी, झंगोरे की खीर, बाल मिठाई और सिंगौड़ी का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के शुभकामना संदेश और प्रदेश की विकास यात्रा की सराहना के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव और मार्गदर्शन प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

सीएम धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और गांवों, युवाओं, किसानों, महिलाओं तथा सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। प्राकृतिक संसाधनों और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करते हुए विकास, रोजगार, पर्यटन और निवेश के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

Tags :

ekamvani2023@gmail.com

ekamvani2023@gmail.com http://ekamvani.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Subscribe To Our Newsletter

No spam, notifications only about new products, updates.

[contact-form-7 id="b565394" title="Untitled"]

Categories

About Us

हम एकमवाणी में देश-विदेश और राज्य की सभी बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों को जिम्मेदारी  से 2018 से पाठको की विस्वसनीयता से प्रसारित कर रहे है .