मुख्यमंत्री आवास में विधि-विधान से की पूजा, बोले- प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है गोवर्धन पर्व
देहरादून। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में गौ माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने गौ माता को तिलक लगाकर पुष्पमाला पहनाई और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति में प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को दर्शाता है। गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने और उसके साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने की प्रेरणा देती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान है। गौ संरक्षण और संवर्धन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक जिम्मेदारी से भी जुड़ी हुई है।
उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व सभी जीवों के प्रति करुणा, प्रेम और संवेदनशीलता का संदेश देता है। गौ सेवा एवं संरक्षण के साथ पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना भी हम सभी का सामूहिक दायित्व है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से प्रकृति के संरक्षण और अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।



