ताज़ा खबरें
बुद्ध पूर्णिमा समारोह में सतपाल महाराज का बड़ा बयान

विकासनगर (देहरादून), 1 मई 2026। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में उत्तराखंड के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने प्रदेश को ‘बौद्ध सर्किट कॉरिडोर’ में शामिल कराने के लिए ठोस प्रयास करने की बात कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में भगवान बुद्ध के शांति, करुणा और अहिंसा के संदेश की प्रासंगिकता और बढ़ गई है।

कालसी क्षेत्र में आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे महाराज ने केंद्र सरकार द्वारा पूर्वोत्तर राज्यों में प्रस्तावित बौद्ध सर्किट का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड, विशेषकर देहरादून स्थित प्रसिद्ध बौद्ध स्थलों को इस योजना से जोड़ना प्रदेश के पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान के लिए महत्वपूर्ण कदम होगा।

उन्होंने देहरादून के माइंडरोलिंग मठ और बुद्धा टेंपल को बौद्ध धर्म के प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा कि यहां स्थित विशाल स्तूप और भगवान बुद्ध की प्रतिमा देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करती है।

महाराज ने अपने संबोधन में बुद्ध पूर्णिमा के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि इसी दिन भगवान बुद्ध का जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण हुआ था, जिससे यह तिथि विशेष रूप से पावन मानी जाती है। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में शांति, सहिष्णुता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।

समारोह में कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने बुद्ध के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *